भारतीय किसान यूनियन
Noida के सलारपुर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के संस्थापक और किसानों के मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जयंती “किसान जागृति दिवस” के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाई गयी।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन से हुई।
इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।कार्यक्रम में भाकियू के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बाबा टिकैत की विचारधारा और संघर्षों को याद करते हुए संकल्प लिया कि वे संगठन को उनके बताए मार्ग पर चलकर और अधिक मजबूत बनाएंगे।
कन्या पूजन और संत पूजन के साथ जरुरतमंदों के लिए भंडारे की शुरुआत की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन ग्रहण किया।भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि 1986 में बाबा टिकैत ने किसानों और मजदूरों की समस्याओं को रखने के लिए भाकियू के रुप में एक मजबूत मंच दिया।
उन्होंने कहा कि बाबा टिकैत ने किसान और मजदूरों की समस्याओं को उनकी भाषा में समझाया और समाधान भी कराया।वे सच में किसानों के शक्ति -पुंज थे।आज जब विपक्ष कमजोर है, तब भी भाकियू किसानों की आवाज बनकर संघर्षरत है।इस अवसर पर बाबा टिकैत के आंदोलनों और उनकी उपलब्धियों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने और युवा पीढ़ी को उनके सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।और जल जंगल जमीन बचाने की अपील की गई। युवाओं को नशे आदि कुरीतियों से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन से एसएचओ फेस-2 कोतवाली विद्यांचल तिवारी, चौकी इंचार्ज नगला कचहरी आस्था चौधरी, चौकी इंचार्ज सलारपुर रविंद्र सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।इस मौके पर भाकियू के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुभाष चौधरी,परविंदर अवाना, श्रीपाल कसाना, झलकेश बाबूजी, सुभाष भाटी, मनोज त्यागी, सिंहराज गुर्जर, रविंद्र भगत, अनिल अवाना, दीपक भाटी, रवि प्रधान, रिकी प्रधान, हरिकिशन भगत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
YouTube:@noidasamachar
Facebook:@noidasamachar
Twitter:@noidasamacharh